देहरादून, 13 अप्रैल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के मद्देनज़र गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बिजली और स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी तैयारियां तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने को कहा।

जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनियोजित और सुव्यवस्थित हों। साथ ही स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है और इसकी सफलता सुनिश्चित करना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *